Spread the love

कोरबा, कोरबा जिला प्राकृतिक संपदा एवं वनों से आच्छादितजैव विविधता से समृद्ध एक अनमोल धरोहर है। यहां की हरी-भरी वन संपदा, कल-कल बहती नदियाँ, विशाल पर्वत श्रृंखलाएँ, मनमोहक पहाड़ी पर्यटन स्थल, सुंदर जलाशय एवं विविध वन्यजीव इस क्षेत्र की पहचान हैं। कोरबा की धरती पर विशालकाय हाथियों का विचरण, दुर्लभ किंग कोबरा, तेंदुआ, भालू तथा अनेक प्रकार के पक्षी, तितलियाँ और अन्य जीव-जंतु इस बात का प्रमाण हैं कि हमारी जैव विविधता कितनी महत्वपूर्ण और समृद्ध है।

विश्व जैव विविधता दिवस के अवसर पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण हेतु अपनी जिम्मेदारी निभाएँ। जैव विविधता केवल पर्यावरण की सुंदरता नहीं बढ़ाती, बल्कि मानव जीवन के संतुलन, स्वच्छ जल, शुद्ध वायु, खाद्य सुरक्षा एवं प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा का आधार भी है।
यदि हमारी जैव विविधता सुरक्षित रहेगी, तो आने वाली पीढ़ियाँ भी इस प्राकृतिक वैभव का अनुभव कर सकेंगी। जंगलों की रक्षा, जल स्रोतों का संरक्षण, वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता ही इस दिशा में सबसे बड़ा योगदान है।

वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू टीम द्वारा निरंतर वन्यजीव संरक्षण एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आमजन से अपील है कि किसी भी वन्यजीव के संकट में होने की स्थिति में स्वयं हस्तक्षेप न करें, बल्कि तत्काल विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम अथवा वन विभाग को सूचना दें।

आइए, इस विश्व जैव विविधता दिवस पर हम सब मिलकर अपनी धरती, जंगल, जल और वन्यजीवों की रक्षा का संकल्प लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *