Spread the love

कैलाश व सुरेश और श्रीमती लालिमा शुक्ला को मिला सम्मान

कोरबा। आद्यपत्रकार महर्षि नारद मुनि जयंती के उपलक्ष्य में कोरबा के विवेकानंद सेवा सदन में रविवार को कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर वर्ष 2026 का पत्रकारिता सम्मान पत्रकार कैलाश यादव, सुरेश देवांगन और लालिमा शुक्ला को दिया गया।

मुख्य अतिथि साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड कुसमुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक संचालन अरविंद कुमार राय ने इस बात पर जोर दिया कि पत्रकारिता जोखिम पर आधारित कार्य है जो मानव के हित के साथ जुड़ा हुआ है। आवश्यकता इस बात की महसूस की जा रही है कि इस कार्य में मानवीय मूल्यों को और भी गम्भीरता से शामिल किया जाए। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया को अभिस्वीकृति मिली हुई है, इसलिए भी पत्रकारों की भूमिका व्यापक हो जाती है। उन्होंने प्रेरक कहानी के माध्यम से अपनी बात को स्पष्ट किया और पत्रकारों से अपेक्षा की कि वे राष्ट्र और समाज सहित में अपनी लेखनी को लगातार आगे बढाते रहेंगे।

पत्रकारिता में विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित प्रियंका कौशल मुख्य वक्ता थी। उन्होंने कहा की महर्षि नारद विश्व के प्रथम पत्रकार के जिन्होंने लोकमंगल के लिए पत्रकारिता की। उसके बावजूद बीते कुछ वर्षों से भारतीय सिनेमा की दुनिया में उनके चरित्र को एक हास्यास्पद रूप दे दिया। हैरानी की बात यही की समाज भी इन चीजों को सच मान बैठा है और वह कई बार व्यवहार में इस प्रकार की बातें करता है। प्रियंका ने कहा कि चिंतन मनन करने की परंपरा भारत में वर्षों से रही है। ऋषि मुनियों ने इस परंपरा को मजबूती दी। उन्होंने कहा कि आज की पत्रकारिता की धारा से जुड़े लोगों को सबसे पहले अपने भारत को समझने की जरूरत है। सरस्वती के वरद पुत्र होने के नाते पत्रकारों की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि वह अपनी भूमिका से समाज में व्याप्त विकृतियों को दूर करें और राष्ट्रीय मूल्यों को सही संदर्भ में ग्रहण करने और जनता को सच बताने का प्रयास करें। प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल ने पत्रकारिता की मौजूदा चुनौतियों के बारे में अपनी बात रखी।

जयंती समारोह के प्रारंभ में देवी सरस्वती की पूजा अर्चना की गई। संयोजक राजकुमार ठाकुर के संचालन में सम्पन्न कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत अनुभव तिवारी,अशोक पाल , सौरभ, बिरजू, आदित्य प्रफुल्ल ने किया। कार्यक्रम में नगर व अंचल के मीडिया एवं शोधार्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *